pramilawrites.com

Welcome to Pramila Writes – Stories, Poems & Health Tips for a Better Life

लोग क्या कहेंगे, सोचना छोड़ दीजिए

लोग क्या कहेंगे, सोचना छोड़ दीजिए। एक प्रेरणादायक हिंदी कविता।

याद रखिए,
जीवन एक अनमोल अवसर है
इसे दूसरों की सोच में खोकर
व्यर्थ मत कीजिए
जो लोग आज आपकी आलोचना करते हैं
जरूरी नहीं कि
वे आपके भविष्य का निर्णय भी करें।

और उन्हें भला क्या अधिकार है
आपके भविष्य का निर्णय करने का
आप स्वयं अपने भविष्य के निर्णायक हैं
अपनी राह स्वयं चुनिए
अपने कदमों पर विश्वास रखिए
मंजिल किसी को यूं ही नहीं मिलती
अपनी मंजिल तक पहुंचने वाले
हर यात्री ने
कभी न कभी कठिन रास्तों का
सामना किया है।

आपके पास कुछ करने के लिए
पर्याप्त अवसर हैं
पर्याप्त समय है
बस समय रहते समय की कद्र कीजिए
समय बड़ा अनमोल है
दोबारा कभी लौटकर नहीं आता
समय बड़ा शांत होता है
कभी शोर नहीं करता
पर आपने समय को बर्बाद किया तो
समय आपको बर्बाद कर देगा
फिर शायद आप खुद से ये कहें
काश! मैने समय रहते
समय की कद्र की होती।

दुनियां की आदत है
हर काम में कमी निकालना
आप सफल होंगे तो
लोग कहेंगे, किस्मत थी
और असफल होंगे तो कहेंगे
काबिल नहीं थे
इसलिए लोगों की बातों से अधिक
अपने प्रयासों पर भरोसा रखिए।

यदि हर किसी की बातों को
दिल से लगाते रहेंगे तो
आपका मन कमजोर होता जाएगा
और आपके सपने अधूरे रह जाएंगे।

इसलिए लोग क्या कहेंगे
सोचना छोड़ दीजिए
आप अपनी परवाह कीजिए
कभी एकांत में बैठकर
इत्मीनान से पूछना
अपनी अंतरात्मा से
तुम वाकई में
क्या वही जीवन जी रहे हो
जिसके सपने तुम्हारी आंखों ने
कभी बचपन में देखे थे
शायद नहीं!
तुम अपने अंदर की आवाज को
दबा देते हो, अनसुना कर देते हो
क्योंकि तुम्हे दुनियां की परवाह है
अपने सपनों की नहीं।

अपना कीमती समय
बस यही सोचने में बर्बाद कर रहे हो
कि लोग क्या कहेंगे
जब भी कुछ अच्छा करने की सोचते हो
आपका दिल फिर वही कहने लगता है
कि लोग क्या कहेंगे
और फिर लोगों की बातों का डर
संकोच के कारण
आप वही पर ठहर जाते हैं
जहां पर थे
आखिर आपको इतनी
परवाह क्यों है दुनियां की।

जिस दिन आप दुनियां से चले जाएंगे न
कोई आपको याद भी नहीं करेगा
सब जिंदगी की दौड़ में
आगे बढ़ जाएंगे।
फिर क्यों आप
दुनियां की सोचकर बैठे हुए हैं
आपको पहली प्राथमिकता
अपने सपनों को, अपनी आकांक्षाओं को
खुद से की गई अपेक्षाओं को,
अपने आप से की गई उम्मीदों को देना चाहिए
न कि लोगों की बातों को।

हर सुबह एक नई उम्मीद लेकर आती है
हर शाम एक नया अनुभव दे जाती है
जो व्यक्ति इन अनुभवों से सीख लेता है
वही जीवन में आगे बढ़ता है।

कभी अपने अनुभवों से
समझौता मत कीजिए
सपने वह नहीं होते
जो सोते समय देखे जाते हैं
सपने वो होते हैं
जो आपको चैन से सोने नहीं देते।

अपने आत्मसम्मान को
कभी किसी की सोच के सामने
मत झुकाओ
जो लोग आपका मूल्य नहीं समझते
उनके लिए स्वयं को बदलना उचित नहीं।

याद रखिए!
हीरा भी पहले एक साधारण
पत्थर ही होता है
लेकिन समय, संघर्ष और मेहनत
उसे अनमोल बना देते हैं
ठीक उसी तरह
आपकी मेहनत भी एक दिन
आपकी पहचान बन जाएगी।

जब भी मन निराश हो
अपने बीते संघर्षों को याद कीजिए
आपने पहले भी
कठिन समय पार किया है
यह समय भी बीत जाएगा।

इसलिए मुस्कुराइए
आगे बढ़ते रहिए
सीखते रहिए
बार-बार फिर संभलते रहिए
एक दिन आपकी सफलता
उन्हीं लोगों के लिए उत्तर बन जाएगी
जो आज आपकी क्षमता पर
सवाल उठाते हैं।

अंत में बस इतना याद रखिए –
दुनियां की आवाजें कभी खत्म नहीं होंगी
इसीलिए जिंदगी को किसी ओर की
उम्मीदों का कैदी मत बनने दीजिए
क्योंकि इंसान की सबसे बड़ी जीत
दुनियां से नहीं
अपने ही डर, अपने ही संदेह और
अपने ही अधूरे जीवन पर
विजय प्राप्त करने में होती है।






Share this post:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *