संघर्ष वो नहीं जो तुम कर रहे हो
फिर भी न जाने क्यों
तुम्हें लगता है कि
तुम जिंदगी में बहुत
संघर्ष कर रहे हो
जब भी तुम असफल होते हो
बस तुम्हारे वही
घिसे- पिटे जुमले शुरू हो जाते हैं
मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की
अपना 100% दिया
फिर भी सफल नहीं हुआ तो
इसमें मेरी क्या गलती है?
मैं स्ट्रगल कर – करके
परेशान हो गया हूं
अब और नहीं होगा मुझसे
और भी न जाने क्या- क्या…
तुम बहाने बनाते नहीं थकते।
बस बहुत हो गया
अपने- आपको ये झूठे दिलासे
देना बंद करो
मत समझाओ अपने मन को
कि तुमने अपने लक्ष्य को पाने के लिए
अपना 100% दिया।
सच तो यह है कि तुम
कभी किसी चीज को लेकर
सीरियस हुए ही नहीं
जब मां- बाप तुमसे
कुछ करने के लिए कहते थे
तो तुम्हें बहुत बुरा लगता था
कॉलेज की आड़ में
बहुत गुलछर्रे उड़ाते हैं
पर अब,जब तुम घर से बाहर हो
कुछ करने का
कुछ हद तक
प्रयास करते तो हो
क्योंकि अब तुम्हें लगने लगा है
मां- बाप को जबाव भी देना है।
यह अच्छी बात है कि
तुम कोशिश कर रहे हो
जिंदगी में कुछ करने की
कुछ बनने की
पर अभी भी तुम्हारे प्रयास
अधूरे ही हैं
क्योंकि न तुम मोबाइल से
दूर रह सकते हो
और न अपने दोस्तों से।
शायद यही वजह है कि तुम
जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पा रहे हो
तुम खुद को झूठा दिलासा दे रहे हो कि
तुम कुछ करने का प्रयास कर रहे हो
एक बात अच्छे से समझ लो
तुम ऐसा करके अपने मां- बाप को ही नहीं
बल्कि अपने- आपको भी
धोखा दे रहे हो।
जब तक तुम
मोबाइल, रिश्तेदारों, दोस्तों
सबसे दूरियां नहीं बना लोगे
जब तक तुम
किताबों से दोस्ती करना नहीं सीखोगे
तुम कभी अपने लक्ष्य को
हासिल कर ही नहीं सकते।
ऐसा भी नहीं कि
तुम दुनियादारी से
मतलब ही न रखो
ऐसा भी नहीं कि तुम
पूरे समय किताबों से ही चिपके रहो
ऐसा भी नहीं
कि तुम मोबाइल से पूरी तरह
दूरी बना लो
मोबाइल का उपयोग करो
पर अच्छे कामों के लिए।
किसी से भी पूरी तरह
कटना नहीं है
पर हर चीज की एक लिमिट होना चाहिए।
पढ़ाई के बीच में
थोड़ा ब्रेक लेना भी जरूरी है
ताकि। आप अपने माइंड को
फ्रेश कर सकें
समय- समय पर सब जरूरी है
बस हर चीज की लिमिट होना चाहिए।
आप कुछ भी करें
पर फोकस पढ़ाई पर होना चाहिए
और हां, यह कहना छोड़ो
कि आप बहुत संघर्ष कर रहे हो
अगर आप पूर्ण सुख- सुविधाओं के साथ
कुर्सी पर बैठकर
सिर्फ पढ़ाई कर रहे हो तो
यह संघर्ष नहीं है।
दरअसल! आप संघर्ष शब्द से
परिचित हैं ही नहीं
संघर्ष क्या होता है
कभी पूछना अपने घर के बुजुर्गों से।
घर चलाने, पेट भरने
बच्चों की पढ़ाई- लिखाई के लिए
क्या कुछ नहीं करते थे
सुबह उठकर खेतों में जाना
दिनभर मजदूरी करना
कुएं से पानी भरकर लाना
चक्की में हाथ से आटा पीसना
एक जगह से दूसरी जगह
जाने के लिए
मीलों पैदल चलना
क्या कुछ नहीं किया उन्होंने।
दिनभर पसीना बहाने के बाद भी
कभी भरपेट भोजन मिल जाता
तो कभी वह भी
नसीब नहीं होता
न पहनने के लिए अच्छे कपड़े
न पढ़ाई के लिए पर्याप्त पैसा
फिर भी हंसते मुस्कुराते हुए
संघर्ष करते थे
जिंदगी की राहों पर
अनवरत चलते ही जाते
कभी हार नहीं मानी
कभी आंखों में आंसू नहीं लाए
कभी किसी से कोई
शिकायत नहीं की
इसे कहते हैं संघर्ष।
तुम्हें तो सबकुछ सीधा मिल रहा है
खाने के लिए अच्छा भोजन
पहनने के लिए अच्छे कपड़े
दो कदम भी जाना हो तो
तुम्हें गाड़ी चाहिए
पढ़ाई के लिए पैसे चाहिए
तो बस मुंह भर हिलाना है
मां – बाप सबकुछ करने को तैयार हैं
हर सुविधा देने को तैयार हैं।
एक तुम हो कि
कुर्सी पर बैठकर भी
तुमसे पढ़ा नहीं जा रहा
इसे संघर्ष का नाम दे रहे हो
मुझे लगता है कि
घर के बड़े बुजुर्गो की कहानी सुनकर
शायद अब तुम्हें
बहुत कुछ सबक मिल गया होगा
और अब तुम
अपनी मंजिल को पाने के लिए
और बेहतर तरीके से प्रयास करोगे
बिना कोई शिकायत किए।




